{"vars":{"id": "128336:4984"}}

New Expressway: इस राज्य में बिछेगा एक्सप्रेसवे का जाल, 6 का निर्माण पूरा; 9 नए प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी

 
New Expressway: केंद्र सरकार द्वारा लोगों को बेहतर यतायात सुविधा देने के लिए लगातार एक्सप्रेसवे, हाईवे और सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। लोगों को बेहतर रोड सुविधा देने के लिए सरकार द्वारा ये प्रयास किये जा रहे हैं। इसी बीच UP की रोड कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किये जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार के राज में अब तक प्रदेश में 6 एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस पर वाहन तेज रफ्तार में दूरी तय करने लगे हैं।

9 नए एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को मंजूरी

वहीं, 6 एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं के अलावा 9 नए एक्सप्रेसवे की परियोजना को जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे प्रदेश की स्थिति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। UP सरकार अब एक्सप्रेसवे के निर्माण में नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। सरकार की ओर से 9 नए एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। नए एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इनकी संख्या 12 से बढ़कर 21 हो जाएगी। अभी प्रदेश के 6 एक्सप्रेसवे संचालित हैं। वहीं, छह का निर्माण कार्य चल रहा है।

योजना पर काम शुरू

UP इंडस्ट्रियल एक्सप्रेसवे डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPIEDA) द्वारा इस योजना पर काम शुरू किया गया है। यूपीडा के एसीईओ श्रीहरि प्रताप शाही का कहन है कि सीएम योगी की योजना प्रदेश के हर जिले को देश के किसी भी भाग से हाईस्पीड कनेक्टिविटी देने की है। सीएम की योजना के आधार पर एक्सप्रेसवे का निर्माण की गति को तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नए एक्सप्रेसवे के निर्माण की तैयारी है।

इतने हजार करोड़ होंगे खर्च

इस एक्सप्रेसवे की नई परियोजनाओं पर 20 हजार करोड़ से अधिक खर्च किए जाने की तैयारी की जा रही है। नए प्रस्तावित एक्सप्रेसवे में रीवा लिंक एक्सप्रेसवे, मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे और लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे के साथ-साथ गोरखपुर-सिल्लीगुड़ी एक्सप्रेसवे एवं गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे प्रमुख हैं।

4374 KM में एक्सप्रेसवे

UP सरकार द्वारा 2063 किलोमीटर की लंबाई के एक्सप्रेसवे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन 9 एक्सप्रेसवे के बन जाने के बाद प्रदेश में कुल 4374 किलोमीटर की लंबाई में एक्सप्रेसवे हो जाएगा। देश में यह किसी भी राज्य से अधिक होगा। इस स्तर तक आने में दूसरे राज्यों को पांच साल से अधिक का समय लग जाएगा।

NHAI-UPIEDA को सौंपी जिम्मेदारी

UP में अभी 6 एक्सप्रेसवे संचालित हैं। इसमें से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का निर्माण एनएचएआई की ओर से कराया गया है। अभी बन रहे 6 एक्सप्रेसवे में से तीन यूपीडा और तीन एनएचएआई की ओर से तैयार कराया जा रहा है। प्रस्तावित 9 एक्सप्रेसवे में सात का निर्माण यूपीडा के जरिए कराए जाने की तैयारी है। वहीं, दो एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य एनएचएआई के स्तर पर कराया जाएगा। इसमें गोरखपुर-सिल्लीगुड़ी एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे शामिल हैं। दोनों एक्सप्रेसवे यूपी की तस्वीर को बदलने वाले साबित होंगे।