Haryana: भीषण सड़क हादसा, ट्रक और कार की टक्कर में हरियाणा के 3 युवकों की मौत; परिवारों में पसरा मातम
May 28, 2025, 22:53 IST
Haryana: हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बॉर्डर की सीमा पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में अंबाला के 3 युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त पंजाब की एक यूनिवर्सिटी से लौट रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह घटना पंजाब के राजपुरा में शंभू बॉर्डर से कुछ ही दूरी पर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान कैंट के ट्रिब्यून कॉलोनी निवासी प्रियांशु (17), सैनिक नगर बब्याल निवासी खुशविंदर (20) और एकता विहार निवासी अभिराज (19) के रूप में हुई है। वहीं, चौथा दोस्त मनन कपूर (19) गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मनन को राजपुरा से अंबाला रेफर किया गया है, जहां उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर जैसे ही अंबाला पहुंची, युवकों के परिवारों और रिश्तेदारों में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही परिजन राजपुरा के लिए रवाना हो गए।