Haryana Don Joga Arrest: हरियाणा का कुख्यात जोगा डॉन गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
Haryana Don Joga Arrest : हरियाणा का कुख्यात अपराधी जोगिंदर ग्योंग उर्फ जोगा डॉन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। जोगा बीते दो सालों से फिलीपींस में फर्जी पहचान के जरिए अपराध को अंजाम दे रहा था। 2 फरवरी को जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या और फिरौती समेत कई गंभीर आरोप
जोगा डॉन पर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, रंगदारी और फिरौती जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
रणदीप सुरजेवाला को दी थी जान से मारने की धमकी
जोगिंदर ग्योंग कैथल के ग्योंग गांव का रहने वाला है। वह कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को धमकी देने के मामले में भी सुर्खियों में आया था। दरअसल, जोगा को शक था कि उसके भाई सुरेंद्र ग्योंग के एनकाउंटर के पीछे सुरजेवाला का हाथ था। भाई की मौत के छह महीने बाद जोगा ने सुरजेवाला को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद सुरजेवाला ने हाईकोर्ट से सुरक्षा की मांग की थी।
राज्यसभा सांसद से मांगी थी 20 करोड़ की रंगदारी
जोगा डॉन पर बिहार के राज्यसभा सांसद संजय यादव से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप है। उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मोस्ट वांटेडघोषित किया गया था। कहा जाता है कि जोगा हरियाणा पुलिस की वांटेड लिस्ट में दूसरे नंबर पर आता है।
पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या में था शामिल
30 दिसंबर 2017 को जोगा ने पानीपत में एक रिटायरमेंट पार्टी के दौरान पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर जयदेव शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद कैथल पुलिस ने इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था।
फिलीपींस से डिपोर्ट होने के बाद गिरफ्तार
9 जुलाई 2024 को फिलीपींस पुलिस ने जोगा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे डिपोर्ट कर दिया गया, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बचता रहा। अब आखिरकार दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।