हरियाणा में बारिश का दौर शुरु, अगले 48 घंटे तक बारिश और शीतलहर का अलर्ट, तेज हवाओं और ओले गिरने की संभावना
Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है। राज्य में कई जिलों में बारिश का दौर शुरु हो गया है। सिरसा में सुबह तीन बजे से रुक रुक बारिश हो रही है। वहीं सोनीपत, हिसार, पानीपत, गुरुग्राम, नारनौल में बारिश हो रही है। सिरसा में कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिली।
चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश और ठंड का अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 27 से 28 दिसंबर के दौरान राज्य में बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है। इसके अलावा, 29 दिसंबर तक तेज हवाओं और घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है।
किन जिलों में बारिश के आसार?
नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में बारिश होने की संभावना है।
- तेज हवाएं: इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
- ओले गिरने की संभावना: कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम आकार के ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।
ठंड में और इजाफा संभव
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे सर्दी और भी तीव्र हो सकती है।
29 दिसंबर: घने कोहरे का अलर्ट
मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने 28 और 29 दिसंबर को राज्य में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। यह कोहरा खासतौर पर सुबह और देर रात के समय यातायात पर असर डाल सकता है।
हरियाणा के न्यूनतम तापमान का हाल
बीते 24 घंटों में हरियाणा के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- नारनौल: 4.5 डिग्री सेल्सियस (राज्य का सबसे ठंडा स्थान)।
- सिरसा: 5 डिग्री सेल्सियस।
- करनाल: 5.5 डिग्री सेल्सियस।
- हिसार: 6.9 डिग्री सेल्सियस।
- अंबाला: 7.6 डिग्री सेल्सियस।
- चंडीगढ़: 7.3 डिग्री सेल्सियस।
- गुरुग्राम: 8.8 डिग्री सेल्सियस।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और ओलों से फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं, घने कोहरे के कारण सड़क पर यात्रा करने वाले लोग विशेष ध्यान रखें।