इस शहर को उपमंडल का दर्जा देने का ऐलान, सीएम नायब सैनी ने धन्यवाद रैली में की कई विकास कार्यों की घोषणा
कैथल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली में हल्का वासियों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पूंडरी को जल्द ही उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने उपमंडल और जिला घोषित करने के लिए एक कमेटी गठित की है। पूंडरी को उपमंडल बनाने के संबंध में इस कमेटी को आवेदन प्रस्तुत किया गया है। जैसे ही कमेटी की रिपोर्ट आएगी, पूंडरी को उपमंडल का दर्जा दे दिया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने पूंडरी क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- स्कूलों की मरम्मत और नवीनीकरण
- 5 करोड़ रुपये की लागत से पूंडरी हल्के के स्कूलों के पुराने भवनों का नवीनीकरण किया जाएगा।
- हेल्थ सेंटर निर्माण
- गांव फतेहपुर और बदनारा में भूमि उपलब्धता के आधार पर हेल्थ सेंटर बनाए जाएंगे।
- सड़क मरम्मत और सुदृढ़ीकरण
- मंडी बोर्ड की सड़कों की मरम्मत के लिए 5 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग की सड़कों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि:
- ग्राम कौल में विश्राम गृह का नवीनीकरण किया जाएगा।
- पूंडरी नगरपालिका और फतेहपुर गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
- आरडी 0-28000 चंदलाना माइनर की मध्यवर्ती संरचना का पुनर्वास और आरडी 0-48,600 तक थरोटा माइनर का पुनर्वास किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं
- राजकीय हाई स्कूल सांच को सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड किया जाएगा।
- पाई गांव में कबड्डी अकादमी के नवीनीकरण के कार्य को तेज गति से पूरा किया जाएगा।
- कैथल-करनाल-पूंडरी बाईपास की व्यवहार्यता चेक कराई जाएगी।
- पूंडरी के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
15 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने धन्यवाद रैली के दौरान 15 करोड़ रुपये की लागत से 3 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें शामिल हैं:
- पूंडरी सड़क से सेगा सड़क तक फिरनी का निर्माण।
- नीलोखेड़ी कारसा ढांड रोड।
- 6 अन्य सड़कों का सुदृढ़ीकरण।
जनता को संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूंडरी क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और यहां की जनता को हर संभव सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।