Book Ad



हरियाणा कांग्रेस में तगड़ी रार: कुमारी सैलजा आज से शुरु करेंगी जन संदेश यात्रा, पार्टी प्रभारी बोले- पार्टी लाइन से हटकर कोई काम स्वीकार नहीं

Kumar Selja


Haryana News: इस साल लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा कांग्रेस प्रचार में जुटी है लेकिन आपसी कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ हुड्डा खेमा घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान चलाए हुए है वहीं 17 जनवरी से एसआरके खेमा भी जनसंदेश यात्रा शुरु कर रहा है।


कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा की जनसंदेश यात्रा 17 जनवरी को हिसार की अनाज मंडी से शुरू होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। 


इस बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने मीडिया को पत्र जारी कर कहा है कि पार्टी लाइन से हटकर और नेतृत्व की अवहेलना कर किया गया कोई भी काम स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसा कोई काम न करें जिससे कांग्रेस पार्टी के विरोधियों को ताकत और ऊर्जा मिले।


कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि सभी से अनुरोध है कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में पूरा समय दें। इस दौरान किसी दूसरे के कार्यक्रम से खुद को दूर रखें ताकि आम लोगों, कार्यकर्ताओं और मीडिया के बीच किसी तरह का भ्रम न हो। 


उन्होंने कहा कि आप व्यक्तिगत तौर पर जाने-अनजाने पार्टी अनुशासन तोड़ने के जिम्मेदार बनते हैं। अनुशासनहीनता का नुकसान हम सभी को भुगतना पड़ता है। कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने 15 जनवरी से 'घर-घर कांग्रेस-हर घर कांग्रेस' अभियान शुरू किया है। पार्टी के काम में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।


इधर, हिसार में होने वाली जनसंदेश यात्रा के होर्डिंग्स से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान गायब हो गए हैं। इन होर्डिंग्स पर कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया की फोटो नहीं है। 


शैलजा के समर्थकों के पक्ष में शहर भर में लगाए गए होर्डिंग्स में कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी को बराबर कद में दिखाया गया है।


कुमारी शैलजा की जनसंदेश यात्रा को लेकर शहर भर में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। ये होर्डिंग्स सभी के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। होर्डिंग्स में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल को शीर्ष स्थान दिया गया है।


जानकारी के मुताबिक बुधवार को नई सब्जी मंडी से शुरू होने वाली जनसंदेश यात्रा में किरण चौधरी, रणदीप सुरजेवाला को आना था। किसी कारणवश रणदीप सुरजेवाला का आगमन टल गया है। 


रैली में कई पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों के अलावा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राम किशन गुर्जर भी शामिल होंगे। शैलजा ने मंगलवार शाम अपने आवास पर खास समर्थकों की बैठक की। इसमें आयोजन को लेकर समर्थकों को निर्देश दिये गये।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url